नेपाल में भारतीय तीर्थयात्रियों से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है तो वहीं 19 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद बस के ड्राइवर और दो क्लीनर्स को हिरासत में ले लिया गया है। दुर्घटना में घायल यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बता दें कि काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसा नेपाल के मधेश प्रांत के बारा जिले में गुरुवार तड़के करीब दो बजे हुआ। बस काठमांडू से जनकपुर जा रही थी। इसमें ज्यादातर भारतीय यात्री ही सवार थे। बस बारा में चुरियामई के पास पलटकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गिर गई।
हादसे वाले क्षेत्र सिमारा के पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मृतकों में छह यात्री भारत के राजस्थान के रहने वाले हैं। वहीं, एक यात्री नेपाली है। हादसे के वक्त बस में दो ड्राइवर और एक क्लीनर सहित 27 लोग सवार थे। पुलिस ने फिलहाल दोनों ड्राइवर और क्लीनर को हिरासत में ले लिया है। हादसे की जांच जारी है, शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि ड्राइवर बस को तेज गति से चला रहा था। इस दौरान ही झपकी आ जाने से यह हादसा हुआ है।
नेपाल के जनकपुर के पास खाई में गिरी श्रद्धालुओं की बस हादसे में गंगापुर सिटी के 6 लोगों ने दम तोड़ दिया। इनमें 4 महिलाएं और पति-पत्नी भी शामिल हैं। जबकि करीब 9 साल की मासूम बच्ची सहित एक दर्जन तीर्थ यात्री घायल हो गए। ये हादसा बुधवार आधी रात 2 बजे मधेश प्रांत के बारा जिले में हुआ। तीर्थ यात्रियों से भरी बस काठमांडू से जनकपुर जा रही थी।
राजस्थान के गंगापुर सिटी (सवाईमाधोपुर) के पास स्थित महू कला से 25 तीर्थ यात्रियों का दल 20 अगस्त को ट्रेन से रवाना हुआ था। ये सभी तीर्थ यात्री दिल्ली पहुंचने के बाद हवाई मार्ग से नेपाल के काठमांडु पहुंचे थे। वहां से बस से नेपाल में विश्व प्रसिद्ध श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर सहित अन्य तीर्थ स्थलों के दर्शन करने के लिए रवाना हुए। लेकिन काठमांडु से जनकपुर जाते समय रास्ते में तीर्थ यात्रियों की बस मधेश प्रांत के बारा जिले में चुरियामई के पास बेकाबू होकर सड़क से करीब 40 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गई।
इन तीर्थ यात्रियों की हुई मौत
इस सड़क दुर्घटना में सत्यवती, वैजयंती देवी पत्नी सुरेश चंद चतुर्वेदी, बहादुर और उसकी पत्नी मीरा देवी, राजेंद्र कुमार और उसकी पत्नी श्रीकांता चतुर्वेदी की मौत हो गई।
ये तीर्थ यात्री हुए घायल
जबकि श्याम लाल माली, चौथी देवी, तारा देवी, अनिल चतुर्वेदी,
सुरेश चंद्र चतुर्वेदी, रामकुमार चतुर्वेदी, माया देवी, घनश्याम चतुर्वेदी, राम प्रसाद सैनी, गर्मता देवी और 9 साल की बच्ची कृतिका घायल हुए हैं।
पुलिस ने ड्राइवर और 2 क्लीनर को पकड़ा
नेपाल पुलिस ने बस ड्राइवर और दो क्लीनर को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि बस बेकाबू होने और ड्राइवर और क्लीनर बस से कूद गए थे। इससे बस खाई में जा गिरी। दुर्घटना में घायल यात्रियों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और सभी का इलाज जारी है।
गंगापुर सिटी से मृतकों को लेने और घायलों को संभालने लोग रवाना
इस दर्दनाक सूचना के मिलने पर तीर्थ की खुशियां मातम में बदल गईं। गंगापुर सिटी से लोग अपने परिजनों के शव लेने और घायलों को संभालने सूचना मिलते ही रवाना हो गए। 6 लोग- कैलाश चतुर्वेदी,कुलदीप चतुर्वेदी, गौरव कुमार चतुर्वेदी, कृष्ण कुमार चतुर्वेदी, प्रदीप जादौन, पंकज जादौन नेपाल में अस्पतालों के लिए रवाना हुए हैं। दिल्ली होकर नेपाल और फिर जनकपुरी जाएंगे।
राजस्थान के मरने वाले तीर्थयात्री
- बहादुर सिंह, 67 साल
- सत्यवती, 60 साल
- राजेंद्र चतुर्वेदी, 70 साल
- श्रीकांत चतुर्वेदी, 65 साल
- बैजंती देवी, 67 साल
- मीरा देवी, 65 साल