अब तक आपने लोगों को रंग, गुलाल और कीचड़ से होली खेलते सुना और देखा होगा, लेकिन राजस्थान के जयपुर जिले में पेट्रोल से होली खलने का मामला सामने आया है। यह हैरान करने वाला काम किया है नशे में धुत कुछ पुलिसकर्मियों ने, उन्होंने थाने में तैनात एक कांस्टेबल के प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाल दिया। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। आनन-फानन में कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, फिलहाल उसकी हालत ठीक है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये मामला जयपुर के शिप्रापथ थाने का है। कमिश्नरेट के नंबर वन थाने का अवॉर्ड भी जीत चुका है। यहां पदस्थ 50 साल के चेतक ड्राइवर कांस्टेबल किशन सिंह ने सीनियर आधिकारियों से मामले की शिकायत की है। शिकायत के अनुसार कांस्टेबल सवाई, छोटू और रोशन होली खेल रहे थे। इस दौरान वह शराब के नशे में थे, रंग से होली खेलते हुए तीनों ने किशन सिंह के प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल की बोतल उड़ेल दी। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
पीड़ित कांस्टेबल किशन ने इस मामले की शिकायत सीनियर अधिकारियों कर न्याय की मांग की है। अधिकारियों को दिए शिकायती आवेदन में किशन ने लिखा- हमारे थाने में ऐसे लोग हैं, जो पेट्रोल से होली खेलते हैं, जो खौफनाक कृत्य मेरे साथ किया गया है, वह गंभीर अनुशासनहीनता है। 50 साल की उम्र में मेरे साथ जो किया गया है इससे मेरे स्वाभिमान को ठेस पहुंची है।
पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए इस अशोभनीय कृत्य को लेकर आला अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद से थाने में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना ये है कि दोषी कांस्टेबलों के खिलाफ कब और क्या कार्रवाई होती है।