जयपुर सिंधी कैंप थाने में अमबे एक्स्प्रेस लॉजिस्टिक्स नामक कूरियर कंपनी में काम करने वाले पांच कर्मचारियों विकास, सुरेंद्र, हरिओम, सीताराम और एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इन पर 7 करोड़ 50 लाख रुपये के कूरियर पैकेट लेकर फरार होने का आरोप है जिनमें कीमती जेवरात थे। दर्ज हुए मामले की जांच कर रही थाना प्रभारी गुंजन वर्मा ने बताया कि ये पांचों कर्मचारी लंबे समय से कंपनी में काम करते थे और इन्हें हर पैकेट में आने वाले सामान की जानकारी होती थी।
इनका काम दिल्ली, मुंबई से आने वाले पैकेट्स को एयरपोर्ट से कलेक्ट कर ग्राहकों तक पहुंचाने का होता था। लेकिन इस बार इनके द्वारा पैकेट तो कलेक्ट किए गए पर ग्राहकों तक नहीं पहुंचे। इन पांचों ने बीच से ही पैकेट गायब कर दिए। एयरपोर्ट से पैकेट तो उठे पर अपने गंतव्य स्थान तक नहीं पहुंचे। कंपनी ने इनसे फोन पर बात करने का प्रयास किया लेकिन फोन बंद थे। इसपर कंपनी ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ये पांचों सवाई माधोपुर के रहने वाले हैं। पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है पर अब तक आरोपियों का कुछ पता नहीं चला है। जयपुर में जवाहरात का बड़ा काम होता है, दुनिया भर से जेवर बनवाने और बने हुए जेवरात पूरी दुनिया में भेजे जाते हैं जिनकी कीमत करोड़ों में होती है। जेवरात का इस तरह किसी कर्मचारी द्वारा लूट अपने आप में पहली घटना है। जेवरात बाजार में इस घटना ने सभी व्यापरियों को सकते में डाल दिया है।