जयपुर के नरैना में पिछले दिनों वृद्ध महिला की हत्या व कर घर से कीमती जेवरात सहित एक करोड़ की डकैती की घटना का जयपुर ग्रामीण पुलिस ने किया खुलासा। सीओ अशोक चौहान ने बताया कि वृद्धा का पड़ोसी ही हत्यारा निकला।
घटना को अंजाम देने के लिए उसने पांच महीने तक रेकी की। उसके पांच अन्य साथी भी गिरफ्तार हुए हैं। जानकारी के मुताबिक 26 नवंबर की रात बुजुर्ग दंपति को बंधक बनाकर महिला की सनसनीखेज हत्या कर लुटेरे जेवरात व नकदी लूट ले गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
180 ग्राम स्मैक के साथ मुख्य तस्कर गिरफ्तार
वहीं करौली में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन फ्लैशऑउट के तहत साइबर सेल एवं थाना कुडगांव पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ के मुख्य तस्कर बलराम मीना, कल्याण मीना व राम सिंह मीना को भी 180 ग्राम स्मैक और दो मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
करौली एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि ऑपरेशन फ्लैशऑउट के तहत जिला पुलिस लगातार कार्यवाही कर रही है। इसमें 1 जुलाई 2020 से 9 दिसंबर 2021 तक कुल 51 प्रकरण दर्ज कर 75 लोगों को गिरफ्तार किया है। कुल तीन किलो 970 ग्राम 527 मिली ग्राम स्मैक जब्त की जा चुकी है।
एसपी कच्छावा ने बताया कि नशे के सौदागरों और इसके कारोबार पर अंकुश लगाने की लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद के नेतृत्व में ऑपरेशन फ्लैशऑउट चलाया जा रहा है। गुरुवार को थानाधिकारी कुडगांव नीरज कुमार शर्मा ने गश्त के दौरान चैनपुरा से लिबिया गांव जाने वाली सड़क पर दो बाइक पर बैठे संदिग्ध तीन युवकों को पकड़ कर पूछताछ की तो वे घबरा गए। संदेह होने पर तलाशी ली तो उनके पास कुल 180 ग्राम स्मैक मिली।