कलेक्टर टीना डाबी ने झाड़ू लगाई।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के जैसलमेर को साफ-सुधरा बनाने के लिए बुधवार को कलेक्टर टीना डाबी ने झाड़ू उठा ली। डाबी ने शहर की गांधी कॉलोनी की सड़कों पर झाड़ू लगाकर सफाई अभियान की शुरुआत की। शहर को साफ-सुधरा बनाने के लिए इस दौरान जिला प्रशासन और नगर परिषद ने स्वच्छ जैसाणा अभियान का आगाज भी किया। कलेक्टर टीना डाबी, नगरपरिषद सभापति हरिवल्लभ कल्ला और आयुक्त शशिकांत शर्मा सहित नगरपरिषद के कई अधिकारी और कर्मचारी गांधी कॉलोनी पहुंचे और खुद झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की। इस दौरान लोगों को स्वच्छ जैसाणा अभियान के तहत अपने घर और आसपास सफाई रखने के लिए भी जागरुक किया गया।
नगरपरिषद सभापति हरिवल्लभ कल्ला ने बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत नगरपरिषद और जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छ जैसाणा अभियान का आगाज किया गया है। गांधी कॉलोनी से शुरू हुए इस अभियान में कलेक्टर टीना डाबी समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों, पार्षदों और नप की टीम ने हिस्सा लिया।
हरिवल्लभ कल्ला बताया ने कि कलेक्टर टीना डाबी ने हरी झंडी दिखाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की और सबके साथ मिलकर झाड़ू भी लगाई। नगरपरिषद शहर को स्वच्छ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अब हमनें इस अभियान की शुरुआत कर लोगों से शहर को साफ और सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की है।