भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां का सरकार पर हमला।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान के कई जिलों में लगाई जा रही धारा 144 और करौली हिंसा को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर हमला बोला है। डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तुगलकी फरमान जारी कर हिंदुओं के त्यौहार, भगवा रैली, रामनवमी यात्राओं पर रोक लगाई जा रही है। सरकार पीएफआई की रैली करने की छूट देती है। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस की जमीन खिसक चुकी है। जिसे बचाने के लिए अशोक गहलोत तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं। यह उनकी आखिरी असफल कोशिश है।
उन्होंने कहा कि सरकार के तुगलकी फरमानों से प्रदेश में पहली बार ऐस हुआ है कि हिंदू अपने त्यौहार भी नहीं मना पा रहे हैं और न ही शोभायात्राएं निकाल पा रहे हैं। पूनियां ने आरोप लगाया कि करौली हिंसा में पीड़ित लोगों को न्याय और आर्थिक संबल देने के बजाय सरकार उन्हें डराने का काम कर रही है। हिंसा करने वालों को राजनीतिक संरक्षण दिया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासन में शांतिप्रिय राजस्थान में चारों तरफ अशांति फैल चुकी है। बहन-बेटियों को सुरक्षा देने में विफल सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए हिंदुओं को डराने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का हिंदू न डरेगा और न झुकेगा, पूरी एकजुटता से हिंदू और जनविरोधी कांग्रेस सरकार को 2023 में राजस्थान से हमेशा के लिए उखाड़ फेंकेगा।