मध्यप्रदेश के सीहोर में सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। हादसा सोमवार को इंदौर रोड स्टेट हाईवे पर हुआ। जहां एक तेज रफ्तार डंपर ने दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तत्काल बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भयानक था कि लोगों की भीड़ बेकाबू हो गई और डंपर पर पथराव शुरू कर दिया।
उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कर दोनों शवों को पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया। लेकिन, पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी लोग शांत नहीं हुए। लोगों की भीड़ ने एक घंटे से भी अधिक समय तक स्टेट हाईवे पर जमी रही। इस कारण वहां जाम लगा रहा और लोग भी परेशान होते रहे।
युवक के सिर पर चढ़ गया टंपर का टायर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इंदौर की ओर से आ रहे डंपर की रफ्तार काफी तेज थी। वहीं बाइक सवार दोनों युवक भी गलत साइड से रोड क्रॉस कर रहे थे। इस दौरान वह डंपर के नीचे आ गए। जिससे एक युवक आशिफ पिता अब्दुल सलीम खान (22) निवासी नसरुल्लागंज का सिर डंपर के टायर के नीचे आ गया। वहीं, दूसरे युवक असलान पिता अंसार खां (14) निवासी चकल्दी की भी डंपर के नीचे आने से मौत हो गई।
डंपर में आग लगाने को उतारू हो गए लोग
घटना के बाद आक्रोशित भीड़ डंपर में आग लगाने को उतारू हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति को काबू पर आगजनी की घटना को रोक लिया। साथ ही पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को शांत किया और डंपर को थाने लाकर खड़ा कर दिया। वहीं, दोनों मृतकों का पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
लगातार हो रहे हादसे
बता दें कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन आए दिन लोगों की जान ले रहे हैं। पिछले एक सप्ताह में डंपर और ट्रक की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई थी। वहीं दूसरी घटना स्थानीय सेट्रंल बैंक के सामने घटित हुई, जिसमें एक युवक की ट्रक के नीचे आने से मौत हो गई थी। इन दोनों हादसों को अभी शहरवासी भूले भी नहीं थे कि सोमवार को इंदौर स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने फिर दो बाइक सवार युवकों कुचल दिया।