मृतक के घर में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिवार का कहना है दोनों ने वारदात से पहले साथ ही में खाना खाया था। एएसआई रामप्रताप ने बताया कि 17 फरवरी की रात करीब साढ़े 8 बजे भाई रामस्वरूप (40) ने अपने बेटे सौरभ (19) की गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद रामस्वरूप ने भी सुसाइड कर लिया। इधर, फायरिंग की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गेट को तोड़कर देखा तो अंदर रामस्वरूप की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाया है।
जिसके बाद दोनों शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। जानकारी के अनुसार पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। बेटे को गोली मारने वाला पिता खरलिया गांव में सब्जी की दुकान चलाता था। उसका बेटा सौरभ भी पढ़ाई के साथ-साथ पिता के काम में हाथ बंटाता था। मृतक का बड़ा बेटा मानसिक रूप से कमजोर है।
बीए सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था मृतक
सौरभ बीए सेकेंड ईयर का स्टूडेंट था। घर पर रामस्वरूप, उसकी पत्नी, मां और 2 बेटे सहित पांच मेंबर थे। जानकारी के अनुसार घर में लंबे समय से जमीन के किसी मामले को लेकर आपस में कलह चल रही थी। बेटे का मर्डर करने से पहले पिता और पुत्र ने खाना खाया था। खाना खाने के बाद पिता ने देसी कट्टा निकाला और बेटे को गोली मार दी। घर में हथियार कहां से और कैसे आया, इसकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।