अमरनाथ में बादल फटने से नागौर जिले के भी चार लोगों की मौत हो गई है। नागौर के चार दोस्त अमरनाथ यात्रा पर साथ गए थे। हादसे में चारों दोस्तों की मौत हो गई। अमरनाथ हादसे में अब तक राजस्थान के सात लोगों की मौत हुई है।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार चारों दोस्तों ने छह जुलाई को पहलगाम से अपनी यात्रा शुरू की थी। आठ जुलाई को वह हादसे से पहले अमरनाथ से दर्शन कर लौट रहे थे लेकिन इसी बीच बादल फट गया और जलसैलाब में चारों दोस्त की मौत हो गई। बाबा अमरनाथ की गुफा में दर्शन के लिए जाने से पहले उन्होंने अपने गांव के एक ग्रुप में अपने फोटो पोस्ट किए थे। हादसे में मृतकों में प्रहलाद राम नागरमल (36) निवासी तोशीना, यजुवेंद्र सिंह (42) पुत्र शंकर सिंह थेबड़ी, विजय सिंह (41) पुत्र भंवर सिंह निवासी बरवाला और वीर सिंह (48) निवासी रूपपुरा की मौत हुई है।
हादसे के बाद से शुरुआती तौर पर मिले 15 शवों में चारों दोस्तों के शव बरामद हो गए थे लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाने के कारण सूचना नहीं मिल पाई थी। नजदीकी रिश्तेदारों से शिनाख्त करवाने के बाद स्थानीय प्रशासन को जम्मू कश्मीर प्रशासन की ओर से सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद से ही परिवार शोक में डूबा है।
सोमवार सुबह चारों मृतकों के शव किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से उनको पैतृक गांव लेकर आया जाएगा। चारों मृतक फाइनेंस के व्यवसाय से जुड़े हुए थे और लंबे समय से एक साथ काम कर रहे थे।