बाड़मेर जिले के समदड़ी कस्बा में में रहने वाले एक व्यापारी के घर में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपियों ने घर में घुस कर महिला के साथ मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक बाइक भी बरामद की गई है। जिसका उपयोग लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए किया गया था।
बाड़मेर एसपी दीपक भार्गव ने बताया कि रविवार शाम करीब 6:30 बजे समदड़ी कस्बा में रहने वाले व्यापारी अमृतलाल जैन के घर लूट की वारदात हुई थी। इस दौरान चार लुटेरे व्यापारी के घर जबरन घुसे और उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर जेवर और नगदी लूट कर ले गए। विरोध करने पर आरोपियों ने व्यापारी की पत्नी को चाकू भी मार दिया था। जिससे वह जख्मी हो गई थी। लूट की सूचना पर सीओ बालोतरा धनफूल मीणा और थाना अधिकारी दाऊद खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई।
गिरफ्तार चारों आरोपी भलरो का बाड़ा में रहने वाले हैं। पुलिस ने रविवार देर रात बुधाराम सैनी पुत्र जसाराम (24), सुरेश राणा पुत्र सोहन लाल भील (21) और कमलेश उर्फ सुरेंद्र सरगरा पुत्र खेताराम (23) को बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया था। वहीं चौथे आरोपी गोविंद उर्फ खेताराम भील पुत्र बंशी लाल (22) को सोमवार सुबह उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी एवं नकबजनी के मुकदमे दर्ज हैं।
अब तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए सभी आरोपी नशेड़ी प्रवृत्ति के हैं। चारों आरोपी पिछले 5-6 दिन से लूट की योजना बना रहे थे। रविवार शाम पांच बजे से आरोपी व्यापारी के घर के बाहर रेकी कर रहे थे। गली के बाहर सन्नाटा होने पर सभी घर में घुसे और लूट की वारदात को अंजाम देकर बाइक से फरार हो गए। इस दौरान रास्ते में तेज रफ्तार होने के बाइक गिर गई, जिससे एक बदमाश बुधाराम घायल हो गया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।