बच्चा बेचने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी
- फोटो : Amar Ujala Digital
उदयपुर में दिल को झोकझोरने वाला मामला सामने आया है। एक पिता ने गरीबी से तंग आकर अपने 6 महीने के बच्चे को बेचने के लिए मामा को सौंप दिया। जिसने बच्चे को दलाल के हाथों 1.60 लाख में बेच दिया।
कोटडा गड़ी गुजरात निवासी तारी बेन उर्फ पारी बेन पत्नी सेजु भाई ने एसपी कार्यालय में एक रिपोर्ट दी थी। जिसमें उसने बताया कि वो करीब 2 महीने पहले वह अपने पीहर गांव सड़ा थाना कोटड़ा गई थी। वह सो रही थी, तभी उसके 6 महीने बच्चे को उसका भाई चंदू कहीं ले गया। जिसके बाद उसका बच्चा मिला ही नहीं है। पीड़ित मां की रिपोर्ट पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया और राम चौरडिया के सुपरविजन एवं थानाधिकारी कोटड़ा पवन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की। पुलिस ने बच्चे के मामा चंदू से पूछताछ की तो पूरे मामला का खुलासा हुआ।
पुलिस रिमांड पर सभी आरोपी
पुलिस ने बच्चे के पिता सेजू भाई पुत्र कीरा भाई निवासी कोटडा गड़ी जिला साबरकांठा गुजरात, मामा चंदू पुत्र लाडू निवासी सड़ा थाना कोटडा, दलाल सुरेश पुत्र नूरिया निवासी पहाड़ी थाना कोटड़ा, अमृत भाई पुत्र वादिरा भाई निवासी खेरोज जिला साबरकांठा और बच्चे के खरीददार विजय दवे पुत्र कांतिलाल निवासी कल्याणपुरा बाड़मेर हाल बनाड़ वाड़ा जिला जोधपुर को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने गुजरात के खेड़ा ब्रह्मा से बच्चे को दस्तयाब कर उसकी मां को सौंप दिया है।
ऐसे हुई मासूम की सौदेबाजी
मुख्य आरोपी बच्चे का पिता सेजू भाई ने बताया कि 6 बच्चे होने के कारण वह पालन पोषण नहीं कर पा रहा था। उसने अपने साले चंदू पारगी को अपने सबसे छोटे 6 महीने के बच्चे को बेचने के लिए पार्टी ढूंढने के लिए कहा। चंदू ने अपने परिचित सुरेश से संपर्क किया। जिसने अपने परिचित नंदा से संपर्क किया। नंदा ने गुजरात निवासी अमृत भाई को बच्चे के बारे में बताया। अमृत भाई गुजरात के खेड़ा ब्रह्मा में धन वर्षा सोसायटी में काम करता था। सोसायटी में रहने वाली अमीबेन ने अमृत को कुछ समय पहले बताया था कि उसकी रिश्तेदारी में भाई विजय दवे को बच्चे नहीं हो रहे और वह बच्चा को गोद लेना चाह रहा है। इस पर अमृत भाई ने विजय दवे को अंबाजी बुलाकर 1.60 लाख में बच्चे को बेच दिया।