प्रतापगढ़ में दोहरे हत्याकांड का खुलासा
- फोटो : Amar Ujala Digital
प्रतापगढ़ के अरनोद थाना क्षेत्र में एक महिला और दो साल के बच्चे की हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। मृत महिला आरोपी की प्रेमिका थी। महिला ने आरोपी पर शादी करने का दवाब बनाया तो आरोपी ने दूसरी प्रेमिका के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी।
महिला का गला घोटा, बेटे को जिंदा कुंए में फेंक दिया
प्रतापगढ़ एसपी अमृता दुहन ने बताया कि थाना अरनोद पुलिस ने घासखेड़ा गांव निवासी महिला रुकमणी बाई और उसके दो साल के बच्चे के दोहरे हत्याकांड में गांव साखथली खुर्द निवासी आरोपी भैरू लाल डांगी पुत्र पन्ना लाल (38) को गिरफ्तार किया था। आरोपी ने बताया कि प्रेम-प्रसंग के दौरान किसी बात को लेकर अनबन होने पर उसने रुकमणी बाई की गला घोट कर हत्या कर दी और सोते हुए उसके दो साल के बेटे को जिंदा ही शव से तार से लपेट कर पत्थर बांध कुएं में फेंक दिया था।
एसपी दुहन ने बताया कि आरोपी भैरू लाल डांगी को थाना पुलिस द्वारा कोर्ट में पेश कर 24 मार्च तक पुलिस रिमांड पर लिया गया था। आरोपी से दोबारा मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ हुई तो उसने अपनी दूसरी प्रेमिका के साथ मिलकर दोहरे हत्याकांड को अंजाम देना बताया। इस जानकारी पर सोमवार को थाना पुलिस ने आरोपी की दूसरी प्रेमिका माना बाई मीणा पत्नी बद्रीलाल (35) निवासी डोराना हाल खारचा थाना अरनोद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी माना बाई को कोर्ट में पेश कर 24 मार्च तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।