कोटा में कुत्तों ने आतंक मचा रखा है। चार कुत्तों ने क्रिकेट खेल रहे बच्चे पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्चे के सिर, हाथ, पैर को बुरी तरह नोच डाला। मासूम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घटना शहर के महावीर नगर थर्ड चौराहे के पास की है। 12 साल का रूद्र मंगलवार की शाम को क्रिकेट खेलने गया था। इसी दौरान चार कुत्तों ने रूद्र पर हमला कर दिया। उसके सिर, पीठ, हाथ और जांघ पर 40 से ज्यादा जगह पर बुरी तरह से नोंच डाला। ग्राउंड के बाहर सड़क पर खड़े युवकों की नजर पड़ी तो तीन-चार युवक रुद्र को बचाने दौड़े। पत्थर फेंक कर किसी तरह कुत्तों को भगाया। उसे तुरंत निजी हॉस्पिटल ले जाया गया। बच्चे को 12 टांके लगे हैं।
सूचना पर बच्चे के परिजन अस्पताल पहुंचे। बच्चे के पिता हरीश ने कहा कि मुझे लोगों ने बताया कि कुत्ते बच्चे को घसीटते हुए ले जा रहे थे। आसपास मौजूद लोगों ने मेरे बच्चे की जान बचा ली। उन्होंने कहा कि नगर निगम को कुछ करना चाहिए। ऐसी घटनाएं रोज हो रही है।