देश की नामी गिरामी विमान कंपनियों में ट्रेनिंग के बाद नौकरी लगवाने का झांसा देकर रुपए हड़पने के मामले में विधायकपुरी थाना पुलिस ने द एयरविंग ट्रेनिंग एकेडमी के डायरेक्टर व महिला मैनेजर को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) मनीष अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पंकज शर्मा पुत्र अरूण कुमार शर्मा है, जो कि छोटा बाजार, कोटपूतली का रहने वाला है। वह एकेडमी का डायरेक्टर है। जबकि आरोपी पुजा शर्मा निवासी तहसील कामां, भरतपुर की है। पूजा कंपनी में मैनेजर है। उन्होंने द एयरविंग ट्रेनिंग एकेडमी के नाम से नवलखा अपार्टमेन्ट, जमनालाल बजाज मार्ग जयपुर में खोला था। लाडनूं, नागौर निवासी विनोद कुमार प्रजापत व अन्य आठ लोगों ने विधायकपुरी थाने में 22 मार्च को मुकदमा दर्ज करवाया था।
मामले के तहत आरोपियों ने ट्रेनिंग करवाकर एयरपोर्ट व अन्य बड़ी विमानन कंपनियों में नौकरी लगवाने का झांसा देकर प्रत्येक व्यक्ति से 65 हजार 500 रुपए ले लिए। इसके बाद कुछ दिन ट्रेनिंग करवाकर इधर—उधर इंटरव्यू के लिए भेजा। लेकिन नौकरी नहीं लगी।
उसके बाद पीड़ितों ने दोबारा एकेडमी में संपर्क किया तो आरोपियों ने उन्हें और रूपए जमा करवाने को कहा तो पीड़ितों ने इंकार कर दिया। केस दर्ज होने पर विधायकपुरी थानाप्रभारी जितेन्द्र सिंह व सब इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह ने अनुसंधान शुरु किया।
सामने आया कि दोनों आरोपी ई-मित्र व अन्य कंपनियों से स्टुडेन्ट का डाटा प्राप्त करते है। इसके बाद उनको टेलिकाॅलिंग के जरिए एयरपोर्ट व अन्य एयरलाईन्स कंपनियों में अच्छी जाॅब दिलाने के लिए आश्वस्त करते थे। उन्हें कम से कम 20 हजार रुपए के वेतन वाली नौकरी लगाने के बहाने ट्रेनिंग के लिए साढ़े 65 हजार रुपए जमा कर लेते है।