धौलपुर नगर परिषद एवं पुलिस प्रशासन द्वारा बुधवार को शहर के प्रमुख चौराहे एवं रास्तों पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गुलाबबाग चौराहे से लेकर जगदीश तिराहे तक पीला पंजा चलाकर अतिक्रमण को ध्वस्त कर मैटेरियल को भी जब्त किया है। नगर परिषद प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया।
नगर परिषद आयुक्त अशोक कुमार शर्मा ने बताया, शहर के प्रमुख बाजारों समेत गुलाबबाग चौराहे से लेकर जगदीश तिराहे तक लोगों ने अस्थाई तौर पर अतिक्रमण कर लिया था। दुकानों के सामने टीन सेड एवं अस्थाई दुकान लगाकर मुख्य सड़क मार्ग को पूरी तरह से जद में ले लिया था। मुख्य सड़क मार्ग के दोनों तरफ अतिक्रमण होने की वजह से आए दिन जाम के हालात पैदा हो रहे थे। नगर परिषद प्रशासन को अतिक्रमण की लगातार शिकायत मिल रही थी।
उन्होंने बताया, दुकानदारों को नोटिस देकर अतिक्रमण को हटाने के भी निर्देश दिए थे। लेकिन दुकानदारों ने सरकारी जगह को जागीर समझकर कब्जा कर रखा था। बुधवार को पुलिस प्रशासन को साथ लेकर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दुकानों के सामने आगे सड़क की तरफ निकल रहे टीन शेड, अस्थाई दुकान, धकेल, चाय की थड़ी, जूस की दुकान, साइन बोर्ड सभी को ध्वस्त कर मैटेरियल को कब्जे में लिया है। उन्होंने बताया, गुलाबबाग चौराहे से लेकर जगदीश तिराहे तक अतिक्रमण को हटाकर पूरी तरह से रास्ते को साफ करा दिया है। अतिक्रमण हटने से आगमन में सुविधा रहेगी। राहगीर और वाहन चालकों को जाम की समस्या से निजात भी मिलेगी।
मार्केट में मचा हड़कंप
नगर परिषद की टीम पुलिस को साथ लेकर जैसे ही गुलाबबाग चौराहे पर पहुंची तो बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कुछ दुकानदारों ने स्वेच्छा से भी अपने सामान को हटा लिया। लेकिन अधिकांश अतिक्रमण को जेसीबी मशीन के सहयोग से पुलिस और प्रशासन ने हटाया है। प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। नगर परिषद आयुक्त अशोक शर्मा ने कहा, अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस और प्रशासन का अभियान लगातार जारी रहेगा।