पुलिस ने किए भारी मात्रा में हथियार बरामद
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के धौलपुर जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बीती रात आंगई थाना की पुलिस ने ऑपरेशन सुदर्शन चक्र के तहत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियारों का जखीरा जब्त किया गया।
हथियारों की तस्करी करने की फिराक में थे करते बदमाश
थाना प्रभारी रामनिवास मीणा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के निर्देश में वांछित अपराधी, बदमाश और अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए ऑपरेशन सुदर्शन चक्र अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात आंगई पुलिस थाने के कांस्टेबल मनोज कुमार मीणा को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि तीन बदमाश सिकर्रा के जंगलों में भारी मात्रा में हथियारों के साथ घूम रहे हैं। बदमाश हथियार तस्करी की फिराक में थे। पुख्ता सूचना पर थाना हाजा से पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और प्रशांत (24), डालचंद (35) और प्रवेश (38) को गिरफ्तार किया।
अवैध हथियार और कारतूस बरामद
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों के कब्जे से 10 अवैध हथियार बरामद किए गए है। इनमें 315 बोर का देसी तमंचा और तीन जिंदा कारतूस शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में तीनों बदमाश हथियार तस्कर बताए जा रहे हैं। पुलिस की टीम उनसे पूछताछ कर हथियार तस्करी के ठिकानों के बारे में जानने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी रामनिवास मीणा ने बताया कि बदमाशों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में जो भी सामने आएगा उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।