जब्त किए गए मोबाइल और गाड़ियां
- फोटो : अमर उजाला
जिले की गोपालगढ़ थाना पुलिस ने ऑपरेशन काउंट डाउन के तहत कार्रवाई करते हुए 11 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 17 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 12 फर्जी सिम कार्ड, 11 एटीएम कार्ड, 14 हजार रुपये नकद और तीन गाड़ियां जब्त की हैं। पुलिस अधीक्षक डीग कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देश पर जिले में साइबर अपराधियों, फर्जी सिम और बैंक खातों का इंतजाम करने वाले लोगों के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
सोशल मीडिया के जरिये ठगी
पुलिस की शुरुआती जांच और पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी लोगों को ठगने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाते थे। ये ठग सोशल मीडिया पर बेहद सस्ते दामों में खिलौने बेचने का विज्ञापन देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। ग्राहक के संपर्क करने पर आरोपी होम डिलीवरी और ऑनलाइन भुगतान के नाम पर रकम ऐंठ लेते थे। इसके अलावा सेक्सटॉर्शन के जरिये भी लोगों को डरा-धमकाकर और पैसे हड़पने की बात सामने आई है।
ये भी पढ़ें: भरतपुर: जाट आरक्षण आंदोलन के नेताओं में रार, पूर्व मंत्री विश्वेंद्र और नेम सिंह फौजदार में जुबानी जंग तेज
पुलिस कर रही नेटवर्क की पड़ताल
गोपालगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लक्जरी कारें भी जब्त की हैं, जिनके दस्तावेज और स्वामित्व की जांच की जा रही है। इसके अलावा बरामद किए गए 17 मोबाइल फोन और 12 फर्जी सिम कार्ड के कॉल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन वित्तीय लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि ठगों ने किन लोगों को अपना शिकार बनाया और इन्हें फर्जी सिम तथा बैंक खाते कौन मुहैया कराता था।
पकड़े गए सभी 11 आरोपी गोपालगढ़ थाना क्षेत्र के गांवों के निवासी हैं, जिनमें इरफान (23) और असलम (28) पुत्र नसरूदीन के अलावा रायबका गांव के निवासी रूकदीन उर्फ रूक्की (36) पुत्र कमरूदीन, जुरसेद (22) पुत्र लाल मोहम्मद, आशिक उर्फ आशिफ (21) पुत्र लाल मोहम्मद, अन्सार (23) पुत्र समसू, निसार (21) पुत्र फैसल, मुस्तकीम (21) पुत्र अरसद, नासिर (28) पुत्र साहुन, रोबिन (20) पुत्र मुनसेद और जाविद (28) पुत्र हनीफ को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।