अलवर के भिवाड़ी में सोमवार को डकैतों ने दिनदहाड़े एक्सिस बैंक में करीब 50 लाख की डकैती कर ली। बताया जा रहा है कि छह अज्ञात बदमाशों ने बैंक में घुसकर फायरिंग कर दी और पैसे लूटकर फरार हो गए।
अलवर के रीको चौक स्थित एक्सिस बैंक की एक शाखा में यह डकैती हुई है। बदमाश बैंक से करीब 50 लाख रुपए लेकर फरार हो गए। भिवाड़ी एसपी शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि बैंक कर्मी बैंक के अंदर काम कर रहे थे तभी अचानक 6 लोग हथियारों से लैस होकर बैंक के अंदर घुसे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद बदमाशों ने गन पॉइंट पर बैंक से करीब 50 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए।
सूचना पर एडिशनल एसपी विपिन कुमार शर्मा और डीएसपी मौके पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी हुई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। स्ट्रांग रूम में करीब 70 लाख की नगदी रखी हुई थी। जिसमें से 50 लाख लूट ले जाने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।