दौसा में लोकसभा चुनाव की सियासत गरमाने लगी है, फिर चाहे भाजपा हो या कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने दौसा सीट को मूंछ का बाल बना लिया है, जिसके चलते कल बांदीकुई में प्रियंका वाड्रा एक जनसभा करेंगी। बताया जा रहा है कि इस मौके पर सचिन पायलट भी साथ होंगे।
दौसा लोकसभा सीट भाजपा और कांग्रेस दोनों के मूंछ का बाल बनी हुई है। एक तरफ दो दिन पहले दौसा शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोड शो कर चुके हैं। वहीं 16 अप्रैल को प्रियंका वाड्रा का रोड शो होने की संभावना जताई जा रही है।
दौसा में होने वाले प्रियंका वाड्रा के रोड शो से पहले 15 अप्रैल को प्रियंका वाड्रा बांदीकुई में एक जनसभा करेंगी। बताया जा रहा है कि इस जनसभा में लगभग 15 हजार लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रियंका वाड्रा की यह जनसभा बांदीकुई के मुकरपुर चौराहे पर होनी है।
कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका वाड्रा के साथ गुर्जर मतदाताओं को साधने के लिए सचिन पायलट भी बांदीकुई की जनसभा में मौजूद रहेंगे। हालांकि इस बात में कोई दोराय नहीं है कि पूर्वी राजस्थान में कांग्रेस के स्टार प्रचारक सचिन पायलट तथा भाजपा में किरोड़ी लाल मीणा का बोलबाला है।
दौसा लोकसभा सीट पर भाजपा के कन्हैया लाल मीणा और कांग्रेस के मुरारी लाल मीणा में सीधा मुकाबला है। दोनों ही नेताओं के लिए स्टार प्रचारक दौसा सीट को जीताने के लिए अपने-अपने तरीके से प्रयास में भी लगे हैं, जिसके चलते भाजपा और कांग्रेस दोनों के कई स्टार प्रचारक दौसा में लगातार जनसभाएं रैली करने में लगे हैं। मतदाता अब किसकी तरफ मुड़ेगा ये तो आने वाला वक्त बताएगा, लेकिन दोनों ही पार्टियों के लिए दौसा लोकसभा सीट मूंछ का बाल जरूर बन गई है।