दौसा के सिकराय तहसील में 16 नवंबर 2022 की रात को कस्बा सिकराय इलाका के मानपुर में SBI बैंक ATM को उखाड़कर ले जाने वाले अन्तर्राज्यीय एटीएम लूट गैंग का एक शातिर बदमाश गिरफ्तार किया गया है। इस पर पुलिस द्वारा 25,000 रुपये का इनाम भी था।
दौसा पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा के निर्देशन पर व दीपक कुमार मीना वृत्ताधिकारी, मानपुर थाना अधिकारी श्रीकिशन मीणा की देखरेख में विशेष टीम गठित करते हुए 100 दिवसीय कार्य योजना, अभियान के दौरान मानपुर कस्बा सिकराय से SBI बैंक ATM को उखाड़कर लूट ले जाने वाले तथा गश्ती दल के साथ धारदार हथियार से मारपीट कर हत्या का प्रयास करने वाले अन्तर्राज्यीय एटीएम लूट गैंग का एक शातिर बदमाश गिरफ्तार किया गया।
16 नवंबर 2022 की रात को कस्बा सिकराय से SBI बैंक के ATM को कुछ अज्ञात बदमाश द्वारा एक बोलेरो कैंपर गाड़ी से उखाड़कर ले गए तथा रात्रि गश्त कर रहे जाब्ते के साथ गंभीर मारपीट कर हत्या का प्रयास किया। थाना हाजा पर प्रकरण पंजीबद्ध कर अनुसंधान श्रीकिशन मीना थानाधिकारी मानपुर द्वारा किया जा रहा था, जिसमें थाना मानपुर के मुखबीरों से सम्पर्क कर तथा निगरानी रखकर अथक प्रयास कर घटना में शरीक एटीएम लूटने वाले अन्तर्राज्यीय गैंग का एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया। इस मुलजिम घटना के बाद से मस्कन से रूहपोश चल रहा था, जिसके उपर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। इसी एटीएम लूट मामले में पूर्व में पांच मुलजीमान को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने क्या बरामद किया और क्या नहीं
मानपुर थाना अधिकारी श्रीकिशन मीणा ने बताया कि एटीएम मशीन लूट के दौरान मशीन में लगभग 12 लाख रुपये के आसपास मौजूद थे। जो आज तक पुलिस बरामद नहीं कर पाई और अब मानपुर पुलिस एटीएम मशीन, घटना में काम ली गई बोलेरो कैंपर गाड़ी, टोचन रस्सा, सब्बल, एक देशी पिस्टल व अन्य घटना में काम लिए सामान को बरामद कर पाई है। लालचंद उर्फ लालू पुत्र नत्थूराम बैरवा जिसकी उम्र उम्र 23 साल है और बाजोली थाना इलाके रैणी जिला अलवर का रहने वाला है।