दौसा कलेक्टर से सनातन समाज दौसा के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर ज्ञापन में बताया कि दौसा हमेशा से सामुदायिक सदभाव और सामाजिक समरसता की भूमि रही है। इसमें अपने धार्मिक विश्वास के आधार पर मिलजुल कर चलने की परम्परा रही है। पिछले कुछ साल से राजस्थान में भी धार्मिक कट्टरता बढ़ती जा रही है। उदयपुर करौली और जोधपुर आदि स्थानों पर हुई साम्प्रदायिक घटना चिंताजनक है।
दौसा में स्वयंभू भगवान गुप्तनाथ और श्रीराम मंदिर का धार्मिक क्षेत्र सदियों पूर्व से ही बना हुआ है। मंदिर के क्षेत्र से लगता हुआ गायों के लिए चारागाह और पानी पीने के लिए तालाब बना हुआ है, जिसे गौशाला में रहने वाले गोवंश के लिए उपयोग किया जाता रहा है। गोवंश के लिए चारागाह सुरक्षित रखा गया था। इस धार्मिक क्षेत्र की चारागाह भूमि खसरा नम्बर 4169/2132 रकबा 3.23 है। इसमें से 0.30 हेक्टेयर भूमि अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास के भवन निर्माण भूमि आवंटित कर दी गई है।
बिना शिलान्यास के गुपचुप अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास निर्माण शुरू करने का आरोप...
चुपचाप ही बिना शिलान्यास किए अल्पसंख्यक बालिकाओं के लिए छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है, जिसका सनातन समाज को पता चलने पर तीव्र आक्रोश व्याप्त हो गया है। धार्मिक क्षेत्र के चारागाह में किसी धर्म विशेष के लिए बनाए जाने वाले छात्रावास के कारण धार्मिक सदभाव बिगड़ने की सम्भावना है।
चारागाह की भूमि पर छात्रावास निर्माण करने का आरोप...
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि गायों के लिए चारागाह की भूमि पर वर्ग विशेष का छात्रावास क्षेत्र में बनाया जा रहा है। अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास बनने से भविष्य में गंभीर समस्याएं खड़ी होने की पूर्ण संम्भावना है। अम्बेडकर छात्रावास के लगते ही अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास बनाया जा रहा, जिसमें समाज विशेष की लड़किया रहेंगी। अन्य समाज के लड़कों के होस्टल के लगते ही माइनॉरिटी की लड़कियों का हॉस्टल होने से कभी भी किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना होने की आशंका बनी रहेगी, जिसके कारण दौसा के अमन-चैन और धार्मिक सद्भाव को नुकसान होने की संभावना है। जिला कलेक्टर दौसा के आदेश क्रमाक संख्या R11, S (18) 2022/4927 12/07/2022 राजनीतिक बदनीयती से इस क्षेत्र की धार्मिक भूमि से बनाया जाने का षड्यंत्र है, जो सामाजिक सदभाव को नुकसान पहुंचाने के लिए आवंटन किया गया है। इस आवंटन को तत्काल निरस्त किया जाना जनहित में अति आवश्यक है।
माइनॉरिटी बाहुल्य क्षेत्र में ही अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास बनाने की मांग...
सनातन समाज प्रतिनिधिमंडल सदस्यों ने कहा कि वर्ग विशेष के लिए धार्मिक क्षेत्र में छात्रावास में मांस आदि का सेवन किया जाएगा। हिंदू धार्मिक क्षेत्र और चारागाह भूमि में अवांछित गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बालिकाओं के साथ किसी भी प्रकार की घटनाएं होने से साम्प्रदायिक तनाव उत्पन होने की पूरी आशंका भी रहेगी। इसलिए अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास का स्थान परिवर्तन कर अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्र में ही आबादी क्षेत्र में ही आवंटित कर निर्माण किया जाए, जिससे इस क्षेत्र विशेष में होने वाली गंभीर घटनाओं की सम्भावनाओं से दौसा की जनता को बचाया जा सके और सामाजिक सदभाव कायम किया जा सके।
राजनीतिक षड्यंत्र की बू...
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास के लिए भूमि आवंटन आदेश में राजनीतिक षडयंत्र की बू आ रही है। हर छोटे से भवन निर्माण का शिलान्यास किया जाता है, लेकिन इस मामले में गुपचुप गोपनीय तरीके से निर्माण किया जा रहा है। इससे गलत आशय और नाकारात्मक भावना का प्रकट हो रही है। दौसा की शांत हिंदू सनातन संस्कृति को मानने वाले लोगों में पुरातन धार्मिक क्षेत्र के गोवंश की भूमि को अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास के नाम पर अलॉट करने से आक्रोश है। इसे तुरंत निरस्त किया जाए, अन्यथा हिन्दू समाज को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
कलेक्टर बोले- आपत्ति गलत, सरकारी प्रक्रिया से किया आवंटन...
जब सनातन समाज प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से छात्रावास निर्माण कार्य को तुरंत बंद करवाने और भूमि आवंटन को निरस्त कराने की मांग की तो कलेक्टर उखड़ गए। कलेक्टर ने कहा, वहां चारागाह भूमि 500 बीघा में है। कॉलेज, सामुदायिक भवन, सोशल जस्टिस डिपार्टमेंट का कार्यालय भी बन रहा है। उसी छोटी सी लैंड को लेकर आपत्ति क्यों की जा रही है। जब प्रतिनिधिमंडल सदस्यों ने कहा, वह धार्मिक क्षेत्र है और गायों की चारागाह भूमि है, तो कलेक्टर ने कहा- आप जो कह रहे हैं वह गलत है। क्योंकि हमने सरकारी प्रक्रिया से ही आवंटन किया है।
सनातन समाज ने कहा, जिला कलेक्टर दौसा द्वारा धार्मिक क्षेत्र के गोवंश की भूमि को धर्म विशेष के छात्रावास के लिए जारी आवंटन आदेश को निरस्त कर दौसा के सामुदायिक सदभाव और अमन चैन को बचाया जाए। इस अवसर पर समस्त सनातन समाज दौसा के रामनिवास मीना (जिलाध्यक्ष अखिल भारतीय हिंदू युवा मोर्चा दौसा, नरेन्द्र जोशी (जिलाध्यक्ष JSF दौसा) अमित गुमानपुरा पूर्व जिला संयोजक एबीवीपी दौसा, सीपी शर्मा सयोजक जेएफएस दौसा, गेजेन्द्र झाला तहसील अध्यक्ष दौसा विप्र फाउंडेशन सहित समाज के लोग मौजूद रहे।