राजस्थान के जोधपुर जिले में एक ज्वेलर को स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश की गई। जानलेवा हमले में ज्वेलर बाल-बाल बच गया और टक्कर से काफी दूर जा गिरा। बुधवार को शहर के ओसियां थाना इलाके के भीकमकोर गांव में हुई इस वारदात का सीसीटीवी वीडियो गुरुवार को सामने आया है। जिसमें साफ दिख रहा है कि स्कॉर्पियो चालक ज्वेलर को कुचलने की फिराक में था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसासर भीकमकोर गांव में रहने वाले ज्वेलर कुंदनमल सोनी (47) ने ओसियां थाने में जानलेवा हमले का के दर्ज कराया है। पुलिस को दी अपने शिकायत में सोनी ने बताया कि वह घर के बाहर बाइक से सामान निकाल रहा था। इसी बीच एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो उसकी ओर आई और उसे कुचलने का प्रयास किया। टक्कर लगने से वह दूर जा गिरा। गनीमत रही कि उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित सोनी ने पवन शर्मा, उसके भाई जितेंद्र शर्मा और एक अन्य के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी पवन ने उसके दोस्त दिलीप राठी के प्लॉट पर कब्जा किया है। जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा है।
मामले को निपटाने के लिए बुधवार को सरपंच सहित गांव के कुछ लोग पवन के घर गए थे। काफी देर हुई बातचीत का कोई भी हल नहीं निकला। पीड़ित ने कहा कि आशंका है कि इस पूरे मामले में पवन को मेरी भूमिका नजर आई हो जिसके चलते उसने मुझे रास्ते से हटाने के लिए ऐसा किया हो। पीड़ित कुंदनमल सोनी की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।