पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चिंतन शिविर सही समय पर बुलाया है। इस साल दो-तीन राज्यों के चुनाव होने हैं। अगले दो साल बाद लोकसभा चुनाव भी होने वाले हैं। राष्ट्रीय स्तर पर एनडीए और भाजपा को अगर कोई हरा सकता है तो वह कांग्रेस पार्टी है और यह बात एकदम सच है। हम अपनी सहयोगी पार्टियों को साथ लेकर रणनीति बनाना चाहते हैं।
मीडिया से चर्चा के दौरान सचिन पायलट ने चिंतन शिविर के बाद पार्टी नेतृत्व में बदलाव को लेकर भी बड़े संकते दिए। उन्होंने कहा- शिविर में आ रहे आधे डेलिगेट्स की उम्र 40 साल से कम है। युवाओं को प्राथमिकता दी गई है। शिविर के बाद पार्टी में युवाओं की भूमिका पर भी मंथन होगा। उन्होंने कहा, मुझे लगता है पार्टी जल्द संगठनात्मक बदलाव करेगी, इससे एक नई ऊर्जा का संचार होगा।
सचिन पायलट ने भाजपा और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में असल मुद्दों पर राजनीति नहीं हो रही है। मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाया जा रहा है। आज देश की अर्थव्यवस्था का बुरा हाल है, महंगाई आसमान छू रही है। युवाओं के पास रोजगार नहीं और कारखाने भी बंद हो रहे हैं। केंद्र सरकार को आठ साल का हिसाब-किताब देना चाहिए।