73 लाख उज्ज्वला और बीपीएल गैस कनेक्शनधारियों को मिलेगाा 500 रुपए में सिलेण्डर
- फोटो : सोशल मीडिया।
सीएम गहलोत की इस स्वीकृति से राज्य के 73 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित होंगे। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को 1 अप्रैल, 2023 से सस्ती दर पर प्रतिमाह एक सिलेण्डर मिल सकेगा। इस योजना के अंतर्गत राज्य सरकार की ओर से उज्ज्वला योजना के कनेक्शनधारी परिवारों को प्रति गैस सिलेण्डर 410 रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। वहीं, बीपीएल गैस कनेक्शनधारकों को प्रति गैस सिलेण्डर 610 रुपए की सब्सिडी मिलेगी।
1 अप्रैल से 500 रुपए में सिलेंडर, रजिस्ट्रेशन बाद में कराने पर भी मिलेगा लाभ
लाभार्थी की ओर से खुद सिलेण्डर खरीदे जाने पर उसके जनआधार से लिंक खाते में सब्सिडी की राशि ट्रांसफर की जाएगी। 1 अप्रैल, 2023 के बाद रजिस्ट्रेशन करवाने वाले लाभार्थियों को भी इस योजना का लाभ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट 2023-24 में बीपीएल और उज्ज्वला योजना में शामिल परिवारों को 500 रुपए में सिलेण्डर उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। घोषणा के इंप्लीमेंटेशन में यह स्वीकृति दी गई है। गहलोत के इस निर्णय से बड़ी संख्या में प्रदेशवासियों को महंगाई से राहत मिलेगी और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।
सामान्य घरेलु उपभोक्ताओं को कोई छूट नहीं
एलपीजी गैस सिलेंडर की रेट में यह छूट केवल बीपीएल और उज्जवला गैस कनेक्शन धारी परिवारों को ही है। सामान्य वर्ग और मिडिल क्लास को किसी तरह की छूट नहीं दी गई है। 1 मार्च 2023 को ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर 50 रुपए और कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 350 रुपए महंगा किया गया था। 1 अप्रैल को कॉमर्शियल 19 किलो के गैस सिलेंडर की कीमत में 92 रुपए की कटौती जरूर हुई है। लेकिन सामान्य घरेलु उपभोक्ताओं को केंद्र या राज्य सरकार की ओर से कोई छूट नहीं दी गई है।