सुजानगढ़ में रामदरबार की मूर्ति लगे प्रवेशद्वार को तोड़ने पर विवाद अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। गेट तोड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद भाजपा ने इसकी कड़ी निंदा की है। वहीं हिंदू संगठन भी इसका विरोध करते नजर आ रहे हैं।
इस मामले को लेकर चूरू भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। वहीं उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने मामले को विधानसभा में उठाने की बात कही थी। आज उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के आवास पर भारतीय जनता पार्टी ने सुजानगढ़ में सालासर प्रवेश द्वार पर खंडित किए गए राम दरबार के विरोध में प्रेस वार्ता की। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख हरलाल सहारण ने कहा कि प्रशासन के द्वारा हिंदू आस्था के प्रतीक इस रामदरबार को खंडित करने की कड़ी निंदा करते हैं। इस प्रकार के कृत्य के विरोध में राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस प्रकार से हिंदू देवी-देवताओं को अपमानित करना भारतीय जनता पार्टी कभी सहन नहीं करेगी। इसके लिए भाजपा नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में सदन से सड़क तक आंदोलन करेगी। हिंदुओं की आस्था पर चोट मारने के विरोध में हिन्दू संगठन धरने पर बैठ गए और सरकार ओर संबंधित विभाग का विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।