रावतभाटा में स्कूल के मुख्य गेट पर छात्राओं ने ताला जड़ा
- फोटो : अमर उजाला
जिले के रावतभाटा स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की छात्राओं ने अपनी शिक्षिका के तबादले के विरोध में स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर जमकर प्रदर्शन किया। छात्राएं लंबे समय से सेवाएं दे रही शिक्षिका कल्पना हाड़ा का स्थानांतरण निरस्त करने की मांग कर रही हैं। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर छात्राओं के जुटने से कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित हुआ। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही छात्राओं को समझा-बुझाकर मुख्य सड़क से हटाकर विद्यालय परिसर में भेजा और यातायात सुचारू कराया।
मुख्य द्वार पर ताला जड़ा
छात्राओं का कहना है कि शिक्षिका कल्पना हाड़ा पांच वर्षों से स्कूल में अपनी सेवाएं दे रही हैं। वे विज्ञान और सामाजिक विज्ञान का अध्यापन कराती हैं। इन दोनों ही विषयों में परीक्षा परिणाम लगातार 100 प्रतिशत रहा है। शिक्षिका केवल अध्यापन कार्य तक सीमित न रहकर कमजोर विद्यार्थियों के मार्गदर्शन, विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और साहित्यिक प्रतियोगिताओं में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। ऐसे में उनके अचानक तबादले से छात्राओं की पढ़ाई पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: Jaipur: CJP के ऐलान के बाद सरकार का बड़ा फैसला, सरकारी स्कूलों में बिना अनुमति नो एंट्री, मीडिया पर भी सख्ती
प्रशासन को पहले भी दिया था ज्ञापन
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने जानकारी दी कि वे तबादला निरस्त कराने के लिए पूर्व में भी प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगा चुकी हैं। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। उस समय ज्ञापन सौंपकर उन्होंने अपनी प्रिय शिक्षिका का स्थानांतरण तुरंत रोकने का अनुरोध किया था। ज्ञापन पर सकारात्मक कार्रवाई न होने पर छात्राओं को विवश होकर प्रदर्शन का मार्ग अपनाना पड़ा।
विधायक ने दिया आश्वासन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष अजय धाकड़ और पूर्व अध्यक्ष ममता गुर्जर ने विद्यालय पहुंचकर छात्राओं का समर्थन किया। पूर्व अध्यक्ष ने क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ से टेलीफोन पर बात करके छात्राओं की सीधी बात कराई। विधायक ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनने के बाद मामले के उचित समाधान का पूरा भरोसा दिलाया। विधायक के आश्वासन के बाद छात्राओं का आक्रोश शांत हुआ।