बीकानेर के नया शहर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर के बाहर खेलते समय डेढ़ साल के बच्चे की नाली में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। संकरी नाली में औंधे मुंह गिरने से मासूम हिल भी नहीं सका।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, यह घटना नया शहर थाना इलाके के रघुनाथ सर कुआं क्षेत्र की है। बच्चे के चाचा उमाशंकर ने बताया कि पीयूष घर से खेलने के लिए निकला था। काफी देर बाद तक वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई। बच्चे को इधर उधर खोजा गया, लेकिन पीयूष नहीं मिला। जब उन्होंने पास की नाली में देखा तो होश उड़ गए। मासूम औंधे मुंह नाली में गिरा हुआ था। उसमें पानी लबालब भरा हुआ था।
उपचार के लिए परिजन उसे तत्काल सेटेलाइट अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से डॉक्टरों ने उसे पीबीएम के लिए रेफर कर दिया। पीबीएम में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर सुनकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक बच्चे की पहचान पीयूष पुत्र विजय शंकर के रूप में हुई है। परिजनों ने इस बाबत पुलिस थाने में कोई मामला दर्ज नहीं करवाया है।