अजमेर जिले के किशनगढ़ में एक केमिकल की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान में केमिकल भरा होने के कारण कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आगजनी की चपेट में आने से दो लोग 90 फीसदी झुलस गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इधर, आग की चपेट में आने से दुकान के बाहर खड़ा एक लोडिंग टेंपो, बाइक और टीवीएस मोपेड जल गया। सूचना पर दमकल की दो गाड़ी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। आगजनी की सूचना पर बड़ी संख्या में मौके पर लोग पहुंच गए। जिन्हें गांधीनगर थाना पुलिस ने बड़ी मशक्कत से दूर हटाया।
दरअसल, घटना किशनगढ़ के हरमाड़ा चौराहा मार्बल मंडी की है। जहां जैन कॉलोनी के रहने वाले नवीन कुमार जैन की पद्मावती के नाम से केमिकल की दुकान है। उन्होंने बताया कि सुबह दुकान खोलने के बाद जैसे ही स्विच ऑन किया तो शॉर्ट सर्किट के बाद एक धमाका हुआ। इससे चारों तरफ आग फैल गई, कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से मोनू मोची (34), और कानाराम नट (35) बुरी तरह से झुलस गए।
दोनों का अजमेर जेएलएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। आग की चपेट में आने से दुकान के बाहर खड़ा एक लोडिंग टेंपो और दो दुपहिया वाहन जल गए हैं। गांधीनगर थाना पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।