शवों को पीएम के लिए भेजा अस्पताल।
- फोटो : अमर उजाला
अजमेर के केकड़ी-सावर कस्बे के कुंड गेट इलाके में बुधवार को किशोर-किशोरी का शव तैरता हुआ मिला है। दोनों की कमर पर दुपट्टा बंधा हुआ था। तीन दिन पहले नाबालिग घर से लापता हो गई थी। घर छोड़ने से पहले नाबालिग ने अपने पिता को मोबाइल पर मैसेज कर कहा था कि वह घर छोड़ कर जा रही है, उन्हें बहुत याद करेगी। लव यू पापा भी लिखा।
घटना की सूचना पर सावर थाना अधिकारी आशुतोष पांडे मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान लड़की के परिजन हत्या की आशंका जताते हुए विरोध करने लगे। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। विरोध को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक खींव सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश देकर शव कुंड से बाहर निकाले गए। शवों को पीएम के लिए केकड़ी के राजकीय जिला अस्पताल लाया गया। जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सावर निवासी एक 14 साल की नाबालिग लड़की तीन दिन पहले रात के समय घर से लापता हो गई थी। इसके बाद पिता ने सावर पुलिस थाने में सोमवार को बेटी के लापता होने का केस दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया था कि रात को करीब 3 बजे फोन पर मैसेज आया कि पापा मैं आपको बहुत याद करूंगी। मैं आपको हमेशा के लिए छोड़ कर जा रही हूं। आप उसके घर वालों को कुछ मत कहना। अंत में लिखा लव यू पापा।
पुलिस ने बताया कि दोनों नाबालिग पढ़ाई करते थे। किशोरी एक निजी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ती है। वहीं युवक सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों ने आत्महत्या की है या फिर उनकी हत्या की गई है। हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है।