एम्बुलेंस से परीक्षा देने पहुंचा युवक
- फोटो : अमर उजाला
सरकारी नौकरी का इतना जुनून कि युवक कूल्हे की हड्डी के ऑपरेशन के बावजूद राजस्थान लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित सहायक आचार्य की परीक्षा देने परीक्षा केंद्र पहुंच गया। व्यास कॉलोनी निवासी गौरीशंकर का 29 दिसंबर को एक्सीडेंट हो गया था, जिसमें उसकी फीमर की हड्डी टूट गई थी। हड्डी टूटने से वह खड़ा भी नहीं हो पा रहा था इस सबके बावजूद युवक के हौसलों के आगे सब पस्त हो गए।
दरअसल गौरीशंकर सहायक आचार्य की परीक्षा के लिए पिछले काफी समय से तैयारी कर रहा था। ऐसे में वह हर हाल में परीक्षा देना चाहता था। उसने यह बात अपने परिजनों को बताई तो परिजनों ने भी उसका साथ दिया। इसके बाद रविवार को वह एंबुलेंस की मदद से परीक्षा केंद्र पर पहुंचा और परीक्षा दी।
निजी अस्पताल में भर्ती इस युवक ने जब अपने परिजनों से परीक्षा देने की इच्छा जाहिर की तो परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था करवाकर शहीद मेजर जेम्स थामस राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र भेजा, जहां अलग कमरे में उसकी परीक्षा संपन्न कराई गई।