मामले में कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के नोखा से दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां तालाब में डूबने से चार बच्चियों की मौत हो गई। नोखा के रानेराव तालाब में पीने का पानी भरने गई चार बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को तालाब से बाहर निकलवाया गया। शवों को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने चारों की मौत की पुष्टी की।
घटना की सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष नारायण झंवर भी मौके पर पहुंचे। नोखा थानाधिकारी हंसराज लूणा के अनुसार चार बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हुई है। इनमें से दो बच्चियां शनिवार तालाब से पीने पानी भरने गई थीं। इस दौरान दो बच्चियां पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में चली गईं। शोर मचाने पर पास में खड़ी दो बच्चियों ने हिम्मत दिखाई। डूबती बच्चियों को बचाने के प्रयास में वे भी डूब गईं।
लूणा ने बताया कि सभी बालिकाओं के परिजन मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं। यहां मजदूरी का काम करते हैं। परिवार के सभी पुरुष मेहनत मजदूरी करने के लिए गए हुए थे। मृतक लड़कियां दो सगे भाइयों की बेटियां हैं। मृतकों की पहचान सोनम उम्र 6 साल, शिवानी उम्र 10 साल पुत्री रमेश बिहारी,मुस्कान उम्र 10 साल, चांदनी उम्र 12 साल पुत्री सुरेंद्र बिहारी के रूप में हुई है।