जिले की साइबर सेल ने नोखा पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के जखीरे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें गैंग का सरगना हिस्ट्रीशीटर श्रवण सिंह सोढ़ा व उसका साथी सवाई सिंह शामिल है। पुलिस ने आरोपियों को 11 अवैध पिस्टल, 20 मैगजीन व 40 कारतूस के साथ पांचू पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ये सभी अवैध हथियार वो मध्यप्रदेश से लाया था और इन हथियारों के साथ बीकानेर, गंगानगर, चूरू, सीकर व जोधपुर में बड़ी वारदात करने की फिराक में था।
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी श्रवणसिंह सोढा पर गुजरात, हरियाणा, मध्यप्रदेश व राजस्थान के अलग-अलग जिलों में कुल 24 प्रकरण दर्ज हैं। श्रवण सिंह को छह माह पूर्व भी चार हथियारों के साथ चूरू पुलिस ने डकैती योजना में गिरफ्तार किया था। वह 15 दिन पहले ही अंतरिम जमानत से फरार हो गया था। पुलिस के अनुसार उसने अपने साथियों के साथ मिलकर शहर के शराब व्यवसायियों को डराने, धमकाने व विरोधी गैंग के सदस्यों को ठिकाने लगाने की प्लानिंग थी। पुलिस आरोपियों से आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर सख्ती से पूछताछ कर रही है।