भीलवाड़ा जिले के रायला थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका के साथ कुछ युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। नदी और स्कूल परिसर में उसके साथ दुष्कर्म करके रात में नाबालिग को स्कूल में बाथरूम के गेट पर बांधकर फरार हो गए। अगले दिन तलाश में मिली नाबालिग के आपबीती बताने पर उसके पिता ने दो नामजद सहित अन्य के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दी। पुलिस में मेडिकल कराने के साथ ही दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और अन्य की तलाश जारी है।
एएसपी चंचल मिश्रा ने बताया, रायला थाना क्षेत्र में कक्षा 10वीं की 15 साल की बालिका का अपहरण कर रात भर अलग-अलग युवकों ने अलग-अलग जगहों पर ले जाकर दुष्कर्म किया। साथ ही आरोपियों ने थाना क्षेत्र के एक राजकीय विद्यालय में ले जाकर घायल अवस्था में विद्यालय के बाथरूम के गेट पर बालिका को बांधकर फरार हो गए। नाबालिग के पिता द्वारा रिपोर्ट के अनुसार, रात भर परिजन लड़की को आसपास ढूंढते रहे। दूसरी तरफ आरोपी अलग-अलग जगह पर ले जाकर दुष्कर्म करते रहे। रात का वक्त होने से नाबालिग सभी आरोपियों के चेहरे नहीं पहचान पाई। पर दो आरोपियों के चेहरे पहचाने हैं। उनके नाम पहले पिता को बताया।
लड़की के पिता ने रायला पुलिस थाने में बालकिशन पुत्र रामलाल गुर्जर निवासी खालसु का खेड़ा, दिनेश नाथ पुत्र पन्नानाथ देवासी बागा का खेड़ा सहित अन्य के खिलाफ दुष्कर्म किए जाने की रिपोर्ट देकर आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की गुहार की। इस पर रायला थाना पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज जांच कार्रवाई शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश करते हुए दो आरोपी को डिटेन कर लिए।
रायला थाना क्षेत्र में पीड़ित के पिता ने 20 मार्च को रिपोर्ट देते हुए कहा, 18 मार्च की रात को करीब साढ़े सात बजे नाबालिग लड़की घर से शौच करने के लिए गई थी। तभी से वापस घर पर नहीं लौटी, जिसकी परिवार जनों ने काफी तलाश की। अगले दिन सुबह करीब चार बजे फोन पर सूचना मिली कि लड़की को सरकारी स्कूल में बंधक बना रखा है। तुरंत ही पिता चार व्यक्तियों को साथ लेकर बताए गए स्थान राजकीय विद्यालय मे पहुंचे। मौके पर पहुंच देखा तो लड़की को सरकारी विद्यालय के बाथरूम के दरवाजे से बांध रखा था। उसे घर लाया गया।
घर पहुंचने पर पीड़िता ने आपबीती बताते हुए कहा कि आरोपियों ने जबरदस्ती उसे अपहरण कर मोटर साइकिल पर बैठा लिया। पहले नदी क्षेत्र में ले गए और उसके मुहं में कपड़ा ठुस दिया। फिर उसे जान से मारने का प्रयास करते हुए डरा धमका कर इन लड़कों ने खोटा काम किया। रात में ही सरकारी स्कूल में ले गए। वहां पर फिर आरोपियों ने दुष्कर्म किया। घायल अवस्था में ही बाथरूम के गेट पर बांधकर धमकी दे गए। किसी को बात मत बताना वरना जान से मार देंगे। बालिका की गंभीर हालत देखकर परिजन घबरा गए।
पुलिस उप अधीक्षक गुलाबपुरा लोकेश मीणा ने बताया, घटना की जानकारी मिलने के बाद नाबालिग लड़की का मेडिकल करवाया गया तथा घटनास्थल की तस्दीक कराई गई। भीलवाड़ा सें एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। बालिका की मानसिक स्थिति अभी भी ठीक नहीं है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपी को डिटेन कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस दुष्कर्म की घटना से पीड़ित छात्रा दसवीं बोर्ड का एग्जाम भी नहीं दे पाई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल मिश्रा ने बताया कि अति शीघ्र ही अन्य दुष्कर्म के आरोपियों की तलाश जारी है। शीघ्र ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।