सोमवार को चुनाव आयोग ने राजस्थान विधानसभा चुनावों की तारीखों का एलान कर दिया है। अब राजस्थान की जनता को भ्रष्ट सरकार से मुक्ति मिल पाएगी और विधानसभा चुनाव 2023 में पूर्ण विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। यह बातें राजस्थान बीजेपी चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने कही।
उन्होंने गहलोत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके राज्य में सबसे ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार हुए हैं। दो लाख से अधिक महिलाओं के ऊपर अत्याचार और 30 हजार से अधिक दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं, गहलोत सरकार में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और अवैध खनन जैसे मामले सबसे ज्यादा आए हैं। उन्होंने कहा कि सीएम गहलोत ने आचार संहिता से पहले राजनीतिक नियुक्तियां भी की हैं। वहीं, उन्होंने कहा कि भरतपुर में दिनदहाड़े पुलिस कस्टडी में एक गैंगस्टर की हत्या करने के साथ अवैध खनन के चलते एक संत द्वारा आत्मदाह करना, धौलपुर के बाड़ी विधायक में एक दलित इंजीनियर की पिटाई करना जैसे कई मुद्दों पर गहलोत सरकार को घेरा।
वहीं उन्होंने कहा कि क्राइम करने वाले लोग कांग्रेस सरकार में अपने आप को सुरक्षित मानते हैं। यही वजह है कि राजस्थान क्राइम में नंबर एक बना है। अब राजस्थान की जनता भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाकर गहलोत सरकार को करारा जबाव देगी। वहीं, सोमवार को बीजेपी विधानसभा प्रत्याशियों के टिकट वितरण की पहली सूची सामने आई है, जिन प्रत्याशियों को टिकट नहीं मिला है, उन्हें दुख होना स्वाभाविक है। लेकिन पार्टी में उनसे वार्ता करने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है।
वहीं, उन्होंने कहा कि राजस्थान में राज्यसभा सांसद, सांसद और जिला अध्यक्ष के साथ कोई भी पदाधिकारी चुनाव लड़ सकता है। यह कोई गलत कार्य नहीं है। इस दौरान बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यालय पर टिकट दावेदार और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बीजेपी ने भरतपुर के नगर और वैर विधानसभा की सीट पर अपने-अपने प्रत्याशी घोषित किए
भरतपुर की सात विधानसभा सीटों में से बीजेपी ने दो सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। दोनों ही विधानसभा सीट पर कांग्रेस के दिग्गज से मुकाबला होगा, जिसमें नगर विधानसभा क्षेत्र से 55 साल के जवाहर सिंह बेडम, BJP प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रह चुके हैं। उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी रह चुके हैं। उन्होंने B.A., L.L.B. की हुई है। जवाहर सिंह गांव बेडम के रहने वाले हैं। साल 2018 में भी जवाहर सिंह बेडम बीजेपी से लड़ चुके हैं। साल 2018 में मंत्री जाहिदा खान ने जवाहर सिंह बेडम को 40 हजार वोट से हराया था।
बात करें वैर से घोषित हुए 64 साल के प्रत्याशी बहादुर सिंह कोली की तो वह भरतपुर से साल 2014 में लोकसभा के सदस्य चुने गए। बहादुर सिंह कोली कबई विधानसभा नदबई के रहने वाले हैं। वह 5वीं तक पढ़े हुए हैं। बीजेपी कार्यालय पर जैसे ही दो विधानसभा सीटों से प्रत्याशियों के नाम की लिस्ट जयपुर मुख्यालय से पहुंची, वहीं पर दोनों प्रत्याशियों ने खुशी मनाई। इस दौरान उनके समर्थकों ने जमकर जिंदाबाद के नारे लगाए और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाया।