भाजपा प्रत्याशी जगत सिंह ने नामांकन किया दाखिल
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर जिले की नदबई विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 30 अक्टूबर से शुरू हो गई है। विधानसभा क्षेत्र नदबई में शनिवार को भाजपा प्रत्याशी जगत सिंह ने अपना नामांकन जमा करवाया। इससे पहले उन्होंने एक रैली भी की। रैली के रूप में वे अपने समर्थकों की भीड़ और ढोल नगाड़ों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और दोपहर में अपना नामांकन जमा करवाया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस के कड़े इंतजाम थे। नामांकन जमा करने के लिए प्रत्याशी सहित पांच लोगों को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में अंदर जाने की अनुमति रही।
परिवार रहा शामिल
बता दें कि नामांकन के दौरान जगत सिंह के साथ उनकी पत्नी सौमाया सिंह, पुत्र कुंवर हिम्मत सिंह, नदबई पंचायत समिति उपप्रधान भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं नदबई विधानसभा से 3 बार विधायक रहीं और पूर्व राज परिवार की सदस्य कृष्णेंद्र कौर दीपा भाजपा से बागी होकर 4 नवंबर को नामांकन दाखिल करने को कुछ दिन पहले तक तैयार थीं। लेकिन आज उनके बेटे दुष्यंत ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो जारी करते हुए कहा की वह चुनाव नहीं लड़ेंगी और 4 नवंबर को नामांकन भी दाखिल नहीं कराएंगी।