घटना के बारे में पुलिस को जानकारी देता पीड़ित युवक।
- फोटो : Amar Ujala Digital
भरतपुर संभाग के डीग जिला अंतर्गत दिनदहाड़े जुरहरा थाना क्षेत्र के गांव बांदीपुर में स्कॉर्पियो में सवार होकर आधा दर्जन बदमाशों ने मामा के घर आए दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। गांव में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद अफरा-तफरी माहौल हो गया। फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों में से एक को ग्रामीणों ने सतवास गांव में पकड़ लिया। साथ ही स्कॉर्पियो भी पकड़ी गई। दोनों को ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया।
डीग जिले के मेवात जिला में स्थित जुरहरा थाना क्षेत्र के गांव बांदीपुर में दिनदहाड़े स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आधा दर्जन के करीब हथियारों से लैस बदमाश पहुंचते हैं। अमर सिंह पुत्र कमल के मकान में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। मकान के अंदर मौजूद कुलदीप एवं सागर दोनों भाइयों पर फायरिंग की गई। फायरिंग के बाद बदमाश सतवास गांव की तरफ स्कॉर्पियो में सवार होकर भाग निकले। दोनों घायलों को कामां के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसमें चिकित्सकों ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। सागर की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। फायरिंग की सूचना के बाद गांव में मची अपराध आफरी के बाद सतवास गांव के ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो को रोक लिया और उसमें से एक बदमाश को पकड़ कर जमकर ठुकाई लगा दी।
कामां थाना पुलिस ने सतवास गांव पहुंचकर बदमाश को हिरासत में लेकर कामां थाने ले आए और जुरहरा पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। फायरिंग की घटना की सूचना मिलते ही मेवात के पुलिस अधिकारी भी हरकत में आ गए और थोड़ी ही देर में पूरा गांव छावनी में तब्दील हो गया। फिलहाल पकड़ा गया एक आरोपी पुलिस की कस्टडी में है और उसे पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य बदमाशों के बारे में भी जानकारी मिल सके।