पुलिस की गिरफ्त में दूल्हे की कार।
- फोटो : Amar Ujala Digital
भरतपुर से हरियाणा पुलिस ने एक दूल्हे को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह अपनी दुल्हन को ब्याह कर अपने घर लेकर जा रहा था। दूल्हे पर आरोप है कि उसने हरियाणा के सोनीपत में एक व्यक्ति के साथ सेक्सटॉर्शन के जरिए एक करोड़ की ठगी की है। सोनीपत की साइबर क्राइम टीम ने इस कार्रवाई को भरतपुर में अंजाम दिया है। कार्रवाई देर रात करीब 11 बजे की है।
हरियाणा की सोनीपत साइबर टीम शकील निवासी रायवका थाना गोपालगढ़ को पकड़ने के लिए भरतपुर आई थी। तब पुलिस ने शकील के घर पर दबिश दी, लेकिन पुलिस को पता लगा कि शकील की आज शादी है और वह बारात लेकर गया है। शादी के बाद वह अपनी दुल्हन को देर रात साथ लेकर घर आ रहा है। जिसके बाद हरियाणा साइबर क्राइम पुलिस ने नगर सीकरी रोड पर नाकाबंदी कर दी और रास्ते में बारात को रुकवाकर दूल्हे शकील और पांच बारातियों को गिरफ्तार कर अपने साथ सोनीपत ले गई।
शकील के अलावा बाकी के पांच आरोपी उसके रिश्तेदार हैं, जिसमें सैकुल निवासी केसरोली जिला अलवर, वसीम निवासी उंचकी थाना कैथवाड़ा जिला भरतपुर, मुस्तफा निवासी ककराला थाना सीकरी जिला भरतपुर, मुस्तकीम निवासी केसरोली जिला अलवर, मुस्तफा निवासी सैलारपुर जिला अलवर को गिरफ्तार कर हरियाणा की साइबर क्राइम टीम अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है, दूल्हे शकील पर एक करोड़ की ठगी का आरोप है।