भरतपुर में प्लाटून कमांडर का पेपर देने आए युवक का शव अलवर में पेड़ से लटका मिला
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के भरतपुर जिले के एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। प्लाटून कमांडर का पेपर देने आए युवक का शव दो दिन बाद अलवर में पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीण शव को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
एसपी ऑफिस पर परिजनों का प्रदर्शन
मंगलवार देर शाम बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मृतक का शव लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे। परिजन युवक की मौत को हत्या बताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस दौरान मृतक की मां, भाई-बहन और अन्य परिजन शोक में डूबे नजर आए और उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
परीक्षा देने आया था युवक, फिर हुआ लापता
जानकारी के अनुसार मृतक पिंटू (24) पुत्र डालचंद, रुदावल थाना क्षेत्र के नरौली गांव का निवासी था। वह 5 अप्रैल को भरतपुर में प्लाटून कमांडर का पेपर देने आया था और हीरा दास बस स्टैंड के पास अपने मामा के यहां ठहरा हुआ था। 6 अप्रैल को वह बाजार में किताब खरीदने गया और इसके बाद दोस्तों से मिलने की बात कहकर चला गया, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा।
अलवर में पेड़ से लटका मिला शव
परिजनों के अनुसार 7 अप्रैल की सुबह सूचना मिली कि पिंटू का शव अलवर जिले के रेडी थाना क्षेत्र में एक पेड़ से लटका मिला है। सूचना मिलने के बाद परिजन अलवर पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव को भरतपुर लाया गया और सीधे एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की मांग की गई।
पढ़ें- Bikaner: छेड़छाड़ के विवाद ने लिया उग्र रूप, दो समुदायों में पत्थरबाजी से फैला तनाव; रातभर तैनात रही पुलिस
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पिता डालचंद ने आरोप लगाया कि गांव में अवैध शराब बेचने वालों से उनका पहले विवाद हो चुका है और इस संबंध में उन्होंने रुदावल थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि इसी रंजिश के चलते उनके बेटे का अपहरण कर हत्या की गई है।
पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी और बताया कि घटना अलवर जिले की है, इसलिए वहां की पुलिस के साथ समन्वय कर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। साथ ही रुदावल थाने में दर्ज पुराने मामले की भी जांच कराने का आश्वासन दिया गया है।