भरतपुर में नगर कस्बे के तिवारी मोहल्ले में स्थित हरिश्चंद्र के मकान में शशि देवी रहती हैं। वह सरकारी अस्पताल में नर्स के तौर पर तैनात हैं। वह तीन-चार दिन पहले घर पर ताला लगाकर वैष्णो देवी दर्शन करने के लिए परिवार सहित गई थीं।
बुधवार सुबह जब वह नगर कस्बे स्थित अपने घर पहुंची तो घर का ताला टूटा हुआ देखकर उनके आंसू निकल गए। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले टूटे हुए पड़े मिले।
पीड़ित शशि देवी ने बताया कि घर में करीब पांच लाख रुपये के सोना चांदी के जेवरात लॉकर तोड़कर निकाल कर ले गए। इसके अलावा तीन लाख की नकदी भी रख कर गई थी, वह भी नहीं है। साथ ही घर का अन्य सामान भी उठाकर ले गए। चोरी की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर से चोरी हुए समान की डिटेल ली। फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।