भरतपुर की कोतवाली थाना पुलिस ने श्रीजी ज्वेलर्स के मालिक रणजीत नगर निवासी हरिशंकर गोयल से पिछले दिनों मोबाइल फोन के जरिए 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में अरूण फौजी गैंग के शातिर बदमाश देवराज को गिरफ्तार किया है। कोतवाली थाना के एएसआई राकेश मान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस ने इस मामले में केन्द्रीय कारागृह सेवर के हाई सिक्योरिटी वार्ड से बंदी देवराज पुत्र अर्जुन सिंह जाट निवासी सिंगोली थाना नौहझील जिला मथुरा हाल मंहगाया थाना उद्योगनगर को गिरफ्तार कर कारागृह के हाई सिक्योरिटी वार्ड से तलाशी के दौरान धमकी देने वाले मोबाइल व सिम को भी जब्त किया है।
आरोपी बदमाश के खिलाफ करीब 15 मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई को हरीशंकर गोयल ने एक रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके नम्बर पर किसी व्यक्ति के द्वारा अपने को अरूण फौजी गैंग का सदस्य बताते हुए दो घंटे के अंदर दस लाख रुपये की मांग की। इस पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
साइबर सेल से संपर्क कर टीम ने तकनीकी साक्ष्य का गहनता से विश्लेषण किया, जिस पर कॉल डिटेल के विश्लेषण से बंदी हाई सिक्योरिटी वार्ड केन्द्रीय कारागृह भरतपुर में बंदी देवराज की थाना अधिकारी थाना कोतवाली द्वारा केन्द्रीय कारागृह पंहुचकर हाई सिक्योरिटी वार्ड की तलाशी ली गई तो धमकी देने वाले मोबाइल व सिम को जब्त किया गया और आरोपी देवराज को गिरफ्तार किया गया।