भरतपुर के चिकसाना थाने से 25 दिन पहले निलंबित हुआ कांस्टेबल थाने में परिवादियों का केस निपटाते हुए कैमरे में कैद हो गया। जब निलंबित हुए पुलिसकर्मी से बात की तो उसका कहना था कि, वह अपना चार्ज देने आया है। वहीं, थाना अधिकारी भी इस मामले पर यह कहते हुए नजर आए कि जो फ़ाइल उसने लिखी हैं, वह उन्हें समझाने के लिए आया है। जबकि उसे 25 दिन पहले होटल के अंदर एक महिला से छेड़छाड़ के मामले में निलंबित किया जा चुका है।
निलंबित कांस्टेबल लखन मीणा 23 मई को सेवर थाना इलाके के एक होटल में रात 11 बजे शराब के नशे में होटल में पहुंचा। होटल मालिक के अनुसार, उसने अपने साथियों के साथ होटल में रुकी रही एक अलीगढ़ की महिला से छेड़छाड़ की। होटल मालिक की तरफ से सेवर थाना इलाका में इसका एक मामला भी दर्ज करवाया गया था। कांस्टेबल का एक वीडियो सामने आने के बाद पूर्व में रहे एसपी श्याम सिंह ने उसे निलंबित कर दिया था, जिसके बाद उसे पुलिस लाइन भेज दिया गया। उसके बाद से निलंबित कांस्टेबल पुलिस लाइन में तीन दिन गैरहाजिर है, और उसे रविवार को चिकसाना थाने के अंदर परिवादी की फाइल लिखते देखा गया।
निलंबित कांस्टेबल लखन मीणा निलंबन से पहले चिकसाना थाना अधिकारी विनोद मीणा का रीडर हुआ करता था। परिवादी से बात करते हुए पकड़े जाने पर लखन मीणा ने कहा कि, वह अपना चार्ज देने के लिए आया है। मैं थाना अधिकारी का रीडर लगा हुआ था। मगर निलंबन के बाद मेरी ड्यूटी पुलिस लाइन में लगी हुई है। वहीं, इस मामले पर चिकसाना थाना प्रभारी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि निलंबित होने से पहले लखन मीणा यहां काम करता था, और अब वह अपने द्वारा पूर्व में लिखी गई फाइल को समझाने के लिए आया है। अब बड़ी बात यह है कि 25 दिन पहले कांस्टेबल को निलंबित कर दिया जाता है, और वह आज चार्ज देने पहुंचता है। जबकि वह सिर्फ एक रीडर था।