जयपुर के भांकरोटा थाने की जांच अधिकारी एसआई सरोज ने बताया कि घटना अलसुबह की है। फार्म हाउस के मालिक कपिल सोनी ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी कि इलाके के जयसिंहपुरा स्थित एक फार्महाउस में एक युवक की मौत हो गई है। उसके बाद तुरंत मौके पर पहुंचे, तो देखा एक युवक मृत अवस्था में फार्म हाउस के एक कमरे में पड़ा है। शव के पास ही सिगड़ी रखी हुई मिली। मृतक के साथ सोए दो युवकों की हालत भी खराब मिली। उन्हें तुरंत अस्पताल भर्ती करवाया गया। प्रथमदृष्टया युवक की मौत सिगड़ी के धुएं से दम घुटना बताया जा रहा है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
फार्म हाउस में पिछले एक साल से काम कर रहा था मृतक
एसआई सरोज ने बताया कि मृतक बिहार निवासी अभिमन्यु मंडल उर्फ मनु पिछले एक साल से फार्म हाउस में घरेलू नौकर था। पूछताछ में सामने आया कि बर्थडे पार्टी सुबह 5 बजे खत्म हुई। उसके बाद तीनों युवक सोने के लिए कमरे में आ गए। सर्दी से बचने के लिए मृतक अभिमन्यु ने ही कमरे में सिगड़ी जलाई थी। उसके बाद तीनों सो गए। सुबह करीब 11 बजे मृतक के साथी दो युवकों की हालत खराब हुई, तो उन्होंने गेट खोला और उल्टियां की। उन्हें अपना तीसरा साथी युवक अभिमन्यु मंडल मृत मिला। उसके बाद फार्म हाउस के स्टाफ ने एम्बुलेंस की सहायता से दोनों को अस्पताल पहुंचाया। फार्म हाउस के मालिक कपिल सोनी ने पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।