महिलाओं के जाम से परेशान वाहन सवार।
- फोटो : Amar Ujala Digital
अलवर के गौरी देवी महिला महाविद्यालय के सामने रोड पर पानी की समस्या से परेशान महिलाओं ने रोड जाम कर दिया। सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई और वाहनों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं से समझाइश कर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाओं ने मौके पर जलदाय विभाग अधिकारियों को बुलाने की बात कही। उसके बाद पुलिस ने मौके पर जलदाय विभाग के अधिकारियों को बुलाया और अधिकारियों ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि उनके क्षेत्र में हो रही पानी की समस्या का जल्द निराकरण कर दिया जाएगा।
क्षेत्र में पानी की समस्या विकराल
महिलाओं ने अधिकारियों से कहा कि पूरे क्षेत्र में पानी की समस्या विकराल है। ऐसे में महिलाएं दूर दराज से पानी भरकर अपना घर का कामकाज कर रही हैं। पूरा-पूरा दिन हो जाता है,लेकिन पानी की आपूर्ति क्षेत्र में नहीं हो पा रही है। ऐसे में महिलाओं ने बताया कि जब महिलाएं पानी की समस्या लेकर मनु मार्ग स्थित जलदाय विभाग में जाती हैं, तो वहां पर उनकी कोई भी सुनने वाला नहीं मिलता और अगर अधिकारी मिल भी जाता है तो सिर्फ आश्वासन देकर उनको वहां से टरका दिया जाता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पानी की बोरिंग भी सूखी पड़ी है। ऐसे में क्षेत्र में पानी की बोरिंग होनी चाहिए। जिससे कि लोगों को पानी की आपूर्ति की जा सके।