राजस्थान में चुनावी बिसात बिछ चुकी है। चुनाव से पहले अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' प्रदेशभर के मतदाताओं का मन टटोलने निकला है। आज हमारा कारवां अलवर पहुंचा है। जहां हमने लोगों से बात कर उनके मूल मुद्दों को जाननें की कोशिश की।
कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार में सीधी टक्कर
इस दौरान तैय्यब खान नाम के सज्जन ने अपनी बात रखते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा घोषित प्रत्याशी इमरान खान की निर्दलीय प्रत्याशी मामन खान से टक्कर होगी। यहां बीजेपी से घोषित प्रत्याशी बाबा बालकनाथ की कोई टक्कर नहीं है।
अशोक गहलोत ने काम किया
इसी सवाल को आगे बढ़ाते हुए एक सज्जन ने कहा कि पिछले पांच साल में अशोक गहलोत ने यहां काम किया है। इसलिए हमारा इसबार का वोट कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान को जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने सड़कें बनवाई और भी कई सारे विकास किये हैं। अलवर के मूल मुद्दों को लेकर सवाल करने पर एक और सज्जन ने जवाब देते हुए कहा कि इस बार हमारा वोट कांग्रेस को ही जाएगा। उन्होंने कहा कि हम शुरू से ही कांग्रेस को वोट देते हुए चले आ रहे हैं, इसलिए इस बार भी हमारा वोट कांग्रेस को जाएगा।
बीजेपी टिकट वितरण को लेकर नाराजगी
टिकट वितरण को लेकर भी पूछे गए सवाल पर एक सज्जन ने जवाब देते हुए कहा कि इस बार बीजेपी ने लोकल को टिकट नहीं दिया, इसलिए हम लोग कांग्रेस को वोट देंगे। इस बार सब नाराज है और कहीं ना कहीं लोगों के दिल में इसको लेकर नाराजगी भी जायज है। उन्होंने कहा कि यहां की जनता में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है। अब अगर रोष है तो पूरा वोट कांग्रेस को जाएगा।