स्कूल की दीवार गिरने से मासूम की मौत
जिले के नीमराणा कस्बे में गुरुवार को हुए दिल दहला देने वाले हादसे में एक निजी स्कूल की दीवार गिरने से 5 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चे का पैर फ्रैक्चर हो गया। मृतक बच्चे की पहचान अवनीश के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
जानकारी के अनुसार लंच ब्रेक के दौरान जब बच्चे स्कूल परिसर में खेल रहे थे, तब ये हादसा हुआ। स्कूल के अन्य बच्चों ने बताया कि खेल-खेल में कुछ बच्चे दीवार को धक्का दे रहे थे, इसी दौरान दीवार अचानक गिर गई और दो बच्चे उसकी चपेट में आ गए। अवनीश को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चे हरेन्द्र राजपूत का पैर फ्रैक्चर हो गया है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। नीमराणा थाना प्रभारी राजेश मीना ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दीवार की स्थिति और निर्माण कार्य में लापरवाही को लेकर भी जांच की जाएगी। फिलहाल परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।