राजस्थान की अलवर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी ललित यादव ने बुधवार को नामांकन के अंतिम दिन अपना पर्चा दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली भी मौजूद रहे। मिनी सचिवालय में जिला निर्वाचन अधिकारी को नामांकन पत्र सौंपने के बाद उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की।
इस दौरान कांग्रेस नेता ललित यादव ने भाजपा ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री मोदी पर भी जमकर निशाना साधा। ललित यादव ने कहा ‘मोदी की गारंटी’ गारंटी नहीं, झूठ और जुमले की गारंटी है। मोदी की जुमलेबाजी को लोग समझ चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बीजेपी ने डेवलपमेंट के नाम पर अलवर को क्या सौगात दी, यह सब जनता के सामने है।
ललित यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार चरम पर है। बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, पेपर लीक, पेयजल और ब्लैक मनी ज्वलंत समस्या बनी हुई है। लेकिन बीजेपी इन पर बात न करके बातों का रुख दूसरी ओर मोड़ देती है, बीजेपी फेलियर सरकार है। 100 दिन की कार्य योजना में कोई काम नहीं हुए। सिर्फ जनता को 400 पार के गीत गाए और सुनाए जा रहे हैं।