अलवर के अरावली विहार थाना इलाके में अलवर डीएसटी ने भरतपुर के एक साइबर ठग को गिरफ्तार कर शहर के विभिन्न एटीएम से निकाली गई साइबर ठगी की रकम 1.25 लाख रुपये नकद, तीन मोबाइल, दो एटीएम कार्ड, एक नया सिम और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है।
अलवर एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि साइबर ठगी की रोकथाम में जिला पुलिस साइबर ठगों को चिन्हित कर उन पर लगातार निगरानी रख रही है। इसी दौरान रविवार को डीएसटी को सूचना मिली कि भरतपुर जिले का एक साइबर ठग अलवर शहर में लगे एटीएम से पैसे निकाल कर मंडी मोड़ पर बाइक लेकर खड़ा है।
इस सूचना पर डीएसटी टीम सक्रिय हुई, मौके पर पहुंचे टीम ने आरोपी विपिन उर्फ हैप्पी जाटव पुत्र कमल सिंह (30) निवासी चंदू पुरा थाना गोपालगढ़ जिला भरतपुर को डिटेन कर उसे थाना अरावली विहार पुलिस को सौंपा। आरोपी पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है। आरोपी के पास से बरामद रकम और एटीएम कार्ड के संबंध में संबंधित बैंकों से जानकारी की जा रही है तथा जिन खातों में साइबर ठग पैसे डलवाते हैं, वो खाता किन व्यक्तियों के नाम है इसकी जानकारी की जा रही है। साथ ही आरोपी के विरुद्ध पूर्व में दर्ज आपराधिक प्रकरणों के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।