किसी भी खेल में हार-जीत को लेकर टीमों के बीच तू-तू, मैं-मैं आम बात है लेकिन अलवर में आयोजित 24वीं जिला स्तरीय टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता में मामला कुछ आगे ही बढ़ गया। यहां एक कोच ने मैच के दौरान एक खिलाड़ी के सिर व चेहरे पर स्टंप से वार कर दिया, जिससे उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए वहां मौजूद प्रतीक ने बताया कि अलवर के कंपनी बाग में अलवर और सवाई माधोपुर के बीच टेनिस क्रिकेट प्रतियोगिता का मैच चल रहा था। उस मैच में अलवर विजेता रहा। अलवर के खिलाड़ी जीत का जश्न मना ही रहे थे कि इस दौरान जयपुर के खिलाड़ी कमेंट्स करने लगे। ऐसे ही किसी कमेंट पर आक्रोशित होकर जयपुर के कोच ने ऑफिशियल अंपायरिंग कर रहे अलवर के खिलाड़ी प्रवीण के सिर में स्टंप मार दिया, जिसके बाद लहूलूहान हालत में प्रवीण को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दे दी गई है।