आरएसएस के सर संघ चालक मोहन भागवत आज सवेरे अपने पांच दिन के प्रवास के लिए अलवर पहुंचे। अपने अलवर प्रवास के दौरान वे इंदिरा गांधी स्टेडियम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और एक निजी कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। भागवत आज सवेरे ट्रेन से अलवर पहुंचे और कड़ी सुरक्षा में आरएसएस के संजय नगर स्थित कार्यालय केशव कृपा के लिए रवाना हो गए। यहां वे पांच दिन तक रुकेंगे।
भागवत के यहां पहुंचने पर रेलवे स्टेशन से केशव कृपा तक सीआईएसएफ और पुलिस के जवान तैनात रहे और बेरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया। संघ प्रमुख ने केशव कृपा पहुंचने के बाद संघ पदाधिकारियों से मुलाकात की। संघ के अन्य पदाधिकारी संघ कार्यालय के सामने महावर धर्मशाला में ठहरेंगे। आज उनकी प्रान्त तथा क्षेत्र के प्रचारकों के साथ बैठक भी होगी। इससे पहले डॉग शेफर्ड ट्रेस ने सभी वाहनों की जांच भी की। उधर संजय नगर स्थित केशव कृपा के आसपास के इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
भागवत पांच दिन के प्रवास में नियमित रूप से संघ कार्यालय के बाहर दो शाखाओं में जाएंगे। इनमें एक विद्यार्थी वर्ग तथा एक कामकाजी लोगों की शाखा होगी। 15 सितंबर को सुबह साढ़े छह बजे इंदिरा गांधी स्टेडियम में स्वयं सेवकों के एकत्रीकरण में शामिल होंगे ओर भूरा सिद्ध स्थित मातृ वन में पौधारोपण करेंगे। 17 सितंबर को वे कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पावटा में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे और इसी दिन रात को शताब्दी एक्सप्रेस से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।