एनईबी थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी में स्थित एक जनरल स्टोर को निशाना बनाते हुए चोर दुकान का ताला तोड़कर कैमरे की डीवीआर सहित पचास हजार की नगदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दो युवक मुख्य गेट का ताला तोड़कर दुकान में घुसे और नगदी सहित डीवीआर लेकर फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरी घटना मूर्ति कॉलोनी में हुई जहां दो बाइक चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके अनुसार बाइक पर आए दो चोरों में से एक गेट के अंदर कूदा और दूसरा बाइक लेकर घर के बाहर रेकी कर रहा था।
पीड़ित ने बताया कि चोर ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और पचास हजार की नगदी लेकर फरार हो गए। लगभग ढाई लाख की चोरी हुई है। पीड़ित अपने परिवार के साथ वृंदावन स्थित प्रेम मंदिर के दर्शन करने गए थे , पीछे से चोरों ने मकान में हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटना स्थल का जायजा करके जांच शुरू कर दी है।